[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

भैंसदेही में मूंग खरीदी की स्लाट बुकिंग न खुलने से किसान परेशान, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

(भैंसदेही/शंकर राय)। भैंसदेही क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी को लेकर किसानों को स्लाट बुकिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से अपनी उपज बेचने की प्रतीक्षा कर रहे किसानों का सब्र अब जवाब दे गया है। मंगलवार 29 जुलाई 2025 को किसानों ने पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ठाकुर के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय भैंसदेही पहुँचकर अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने बताया कि वे गर्मी में मूंग की फसल करते हैं और शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर उसे बेचना चाहते हैं। लेकिन स्लॉट बुकिंग की प्रणाली में तकनीकी बाधा के चलते अब तक कई किसानों को स्लॉट नहीं मिला है। शासन की साइट पर अब तक सिर्फ स्लॉट क्रमांक 8682 तक ही जारी हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में किसान अभी भी प्रतीक्षा में हैं।
ज्ञापन में किसानों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया को सुचारु किया जाए, ताकि उनकी उपज समय पर मंडी में बेची जा सके और उन्हें आर्थिक नुकसान न हो।
ज्ञापन सौंपने वाले किसानों में नितिन मालवीय, गणु यादव, संजय यादव, रिमा आर्य, कोवतराम महाले, कांकरराम यादव, विजय वाग्रे, बालकृष्ण वाग्रे, धनराम वाकरकर, सीताराम धाकड़ सहित अन्य किसान शामिल रहे। कई किसानों ने दस्तखत की जगह अंगूठा लगाकर अपनी सहमति दर्ज कराई।
पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह ठाकुर ने कहा कि यह किसानों के जीवन और आजीविका से जुड़ा विषय है, शासन को तत्काल समस्या का समाधान करना चाहिए।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *