» उपयंत्री दीपक नागले सहित सचिव पवन तिवारी से मांगा जवाब
भैंसदेही (राष्ट्रीय जनादेश)। ग्राम पंचायत बानूर के ग्राम धोतराढाना में बना अमृत सरोवर बहने के मामले में सीईओजितेंद्र सिंह ठाकुर ने उपयंत्री को नोटिस जारी कर एक माह में सरोवर का पुनः निर्माण कराने के आदेश दिये है। आदेश का परिपालन नहीं होने पर कार्य में व्यय राशि वसूल किये जाने की चेतावनी दी है।
20 लाख रुपए में बनाया था सरोवर
दरअसल वर्ष 2022-23 में धोतराढाना में 19.74 लाख से अमृत सरोवर का निर्माण कराया गया था। निर्माण बानूर पंचायत के सरपंच सायबुलाल / सोनाजी, सचिव पवन तिवारी ने किया था, जिसमें गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुसार कार्य करने की जिम्मेदारी उपयंत्री दीपक नागले की थी, लेकिन उपयंत्री द्वारा कार्य की मानीटरिंग में लापरवाही बरती गई। परिणाम स्वरूप निर्मित अमृत सरोवर बारिश में क्षतिग्रस्त होकर बह गया। नोटिस में इस बात का भी उल्लेख है कि डेम के क्षतिग्रस्त होने की सूचना आज तक कार्यालय को नहीं दी गई, जो उपयंत्री के कार्य के प्रति लापरवाही को प्रदर्शित करता है।
उपयंत्री की तय की जवाबदारी
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि कार्य तकनीकी मापदण्ड से कराया होता तो उक्त स्थिति निर्मित नहीं होती और इसके लिए उपयंत्री पूर्ण रूपेण उत्तरदायी है। जनपद पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह ठाकुर ने उपयंत्री को आदेशित किया है कि स्वयं के व्यय से आगामी एक माह में उक्त कार्य पुन निर्माण नहीं किया जाता है तो कार्य पर व्यय की गई समस्त राशि वसूली योग्य होगी। कार्य को पुन निर्माण कराते हुए अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करे, अन्यथा कार्यवाही के लिए स्वयं उत्तरदायी होंगे।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]