बैतूल (शंकर राय), दक्षिण बैतूल सामान्य वनमंडल द्वारा शुक्रवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस अभिनव पहल में वनमंडल क्षेत्र में कुल 72,506 पौधे रोपे गए, जिनका पंजीकरण भारत सरकार के सेरी एप तथा पोर्टल पर भी दर्ज किया गया है।

इस विशेष आयोजन में प्रदेश के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री श्री महेन्द्र सिंह चौहान तथा सेचई विधायक श्री ईश्वर इवने ने टूरिस्ट केंद्र कुकरु प्रवास के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान में सहभागिता की। उन्होंने परिवार सहित वृक्षारोपण करते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता दर्शाई।

कार्यक्रम के दौरान उपमंडल अधिकारी भैंसदेही श्री देवांश पाण्डेय, परिक्षेत्र अधिकारी श्री जी.एस.एस. राठौर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, समिति सदस्य और आम नागरिक उपस्थित रहे।

वनमंडलाधिकारी श्री विजयानन्द टी.आर. ने बताया कि अभियान के तहत कुल 4,665 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें सीताफल, आम, आंवला, पीपल, बड़, कचनार जैसी प्रजातियां शामिल हैं। साथ ही विभागीय कर्मचारियों व वन मित्रों के सहयोग से 1,546 पौधे युवाउद्यान में भी रोपे गए।

वन विभाग द्वारा संचालित इस पहल का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि पर्यावरण के प्रति जनभागीदारी और भावनात्मक जुड़ाव को भी प्रोत्साहित करना है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसे सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर दक्षिण बैतूल वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं संवेदनशीलता बढ़ाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]