(भैंसदेही/शंकर राय) बैतूल ज़िले में आदिवासियों के साथ हो रही मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताज़ा मामला भैंसदेही थाना क्षेत्र के पोखरनी गांव का है, जहां एक आदिवासी ड्राइवर को उसके ही मालिक ने चोरी के आरोप में बेरहमी से पीटा। पूरी घटना पास की किराना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, बगदरा गांव निवासी अजय बारस्कर, आरोपी अंकित राठौर के पास ड्राइवरी का काम करता था। आरोप है कि अंकित राठौर ने अजय पर गेहूं चोरी का आरोप लगाकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से बुरी तरह मारपीट की। घटना के बाद आरोपी ने पीड़ित के खिलाफ ही थाने में शिकायत दर्ज करा दी।

सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आदिवासी संगठनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने इसे आदिवासी समाज का अपमान बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]