(भैंसदेही/शंकर राय) मध्य प्रदेश कांग्रेस ने आखिरकार लंबे इंतजार और सियासी मंथन के बाद अपने सभी जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी है। बैतूल जिले की कमान कांग्रेस हाईकमान ने पूर्व विधायक निलय डागा को सौंपी है। इस ऐलान के साथ ही जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोश और उत्साह का माहौल बन गया है।

बताया जा रहा है कि भोपाल से लेकर दिल्ली तक चली माथापच्ची के बाद यह फैसला लिया गया। खास बात यह रही कि कांग्रेस ने जन्माष्टमी जैसे शुभ मौके पर यह घोषणा कर राजनीतिक संदेश भी देने की कोशिश की है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बैतूल दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने खुले मंच पर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गुटबाजी पर तल्ख टिप्पणी करते हुए सभी नेताओं को एकजुट होने का संदेश दिया था। तभी से यह कयास तेज हो गए थे कि जिले की बागडोर निलय डागा के हाथों में दी जा सकती है।

जैसे ही डागा के नाम की आधिकारिक घोषणा हुई, भैंसदेही समेत पूरे जिले में समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पटाखों की आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। समर्थकों का कहना है कि – “निलय भैया के अध्यक्ष बनने से जिले में कांग्रेस की ताकत और ऊर्जा दोगुनी हो जाएगी। अब 2028 की तैयारी नए जोश के साथ होगी।”

कांग्रेस का यह कदम बैतूल की सियासत में बड़ा बदलाव ला सकता है। एक ओर जहां संगठन को नया नेतृत्व मिल गया है, वहीं भाजपा के लिए भी आने वाले दिनों में यह चुनौती साबित हो सकता है।

इस दौरान पूर्व पार्षद नरेश मोहरे, रफ़ीक खान, शोएब विंध्यानी, गणेश राय बंगाली,अशोक सरपंच,निखिल सूर्यवंशी, फैजान पठान, प्रीतम,वानखेडे, आकाश इवने, सूरज मोहरे, सुनील दंड,के, प्रतीक प्रजापति,नदीम मिर्जा, महेश ढोलकर, सुभाष मोहरे, कादर शाह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]