[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

भैंसदेही का दशहरा बनेगा यादगार: 60 फीट रावण-कुंभकरण का दहन, गगनभेदी धमाकों और रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी से जगमगाएगा आसमान।

(भैंसदेही शंकर राय) भैंसदेही नगर इस बार दशहरा उत्सव में ऐसा रोमांच देखने वाला है, जिसे लोग बरसों तक याद रखेंगे। नवयुवक दुर्गा रामलीला मंडल के तत्वावधान में अटल बिहारी वाजपेई स्टेडियम में गुरुवार शाम 7:30 बजे से भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगा भोपाल और जबलपुर के कारीगरों द्वारा बनाए गए 60 फीट ऊँचे रावण और कुंभकरण के विशाल पुतले, जिनके दहन के साथ ही आसमान गगनभेदी आतिशबाज़ी के धमाकों और रंगीन रोशनी से झिलमिला उठेगा।
रामलीला मंडल के अध्यक्ष संजय तिवारी ने बताया कि हर वर्ष दशहरा उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है, लेकिन इस बार का आयोजन खास रहेगा। जैसे ही रावण और कुंभकरण की अग्नि धधक उठेगी, वैसे ही रंग-बिरंगे पटाखों की चमक रात के अंधकार को दिन में बदल देगी। नीले, लाल, सुनहरे और हरे रंग की आतिशबाज़ी की झड़ी आसमान को जगमग कर देगी, वहीं गगनचुंबी धमाके लोगों के दिलों में रोमांच पैदा करेंगे।
नगर परिषद के सहयोग से हो रहे इस आयोजन में नगरवासियों से अपील की गई है कि वे समय पर पहुंचकर इस अद्भुत और ऐतिहासिक नज़ारे के साक्षी बनें। रावण और कुंभकरण का दहन तथा आसमान में बिखरती रोमांचक आतिशबाज़ी भैंसदेही की दशहरा रात को अविस्मरणीय बना देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *