[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]

रामलीला में गूंजा मेघनाथ का पराक्रम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवी सिंह ठाकुर के सशक्त अभिनय पर तालियों से गूंज उठा पूरा बाजार चौक।

भैंसदेही (शंकर राय) भैंसदेही के नवयुवक दुर्गा रामलीला मंडल के तत्वाधान में बाजार चौक गांधीधाम में चल रही रामलीला के मंचन दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सातवें दिन के मंचन में भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष देवी सिंह ठाकुर ने इंद्रजीत मेघनाथ का दमदार अभिनय कर सभी का दिल जीत लिया।
कथानक के अनुसार, अक्षय कुमार वध के बाद रावण दरबार में सूचना मिलती है कि उसका पुत्र युद्धभूमि में मारा गया है। इस पर लंकापति रावण अपने पराक्रमी पुत्र इंद्रजीत को आदेश देता है कि वह वानरों को बंदी बनाकर दरबार में प्रस्तुत करे। कथा के इस प्रसंग में इंद्रजीत अशोक वाटिका पहुंचकर हनुमान से संवाद करता है और युद्ध छिड़ जाता है। युद्ध के बाद इंद्रजीत अपने मायावी बल से हनुमान को बंदी बनाकर रावण दरबार में ले जाता है।
देवी सिंह ठाकुर ने इस दृश्य को इतनी सजीवता से प्रस्तुत किया कि दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठे। गौरतलब है कि वह लगातार दो वर्षों से मेघनाथ की भूमिका निभा रहे हैं और अपनी अदाकारी से दर्शकों की वाहवाही बटोर रहे हैं।
उनके सहयोगी नगर पालिका अध्यक्ष मनीष सोलंकी ने सेनापति की भूमिका निभाकर मंचन को और प्रभावशाली बनाया। वहीं डॉ.अभिषेक मिसर, डॉ. धीरज मालवीय, नितिन मालवीय, राजा सावरकर, छोटू राठौड़, दिनेश मालवीय और राकेश राठौर ने सेना के पात्रों को जीवंत कर दिया।
रामलीला के इस मंचन ने धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण को नई ऊँचाई दी और दर्शकों को पौराणिक कथा में खो जाने पर मजबूर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *