(भैंसदेही / शंकर राय) भैंसदेही थाना में पदस्थ महिला उप निरीक्षक श्रीमती प्रीती पाटील ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और साहसिक कार्यशैली से न सिर्फ पुलिस विभाग में अलग पहचान बनाई है, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित किया है। जनता के बीच संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान बना चुकीं प्रीती पाटील को उनके उत्कृष्ट कार्यों और बहादुरी के लिए राजधानी भोपाल में आयोजित भव्य समारोह में ‘के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

राजधानी के रविंद्र भवन में आयोजित इस गरिमामय समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डीजीपी कैलाश मकवाना की मौजूदगी में वर्ष 2019-20 और 2021-22 के लिए प्रदेशभर के 101 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान वीरता और उत्कृष्ट सेवा का प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को रिवॉल्वर, बार बोर गन तथा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इन्हीं जांबाज अधिकारियों में भैंसदेही थाना की महिला उप निरीक्षक प्रीती पाटील का नाम भी शामिल रहा महिला उप निरीक्षक प्रीती पाटील ने अपने सेवाकाल के दौरान हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया है।

अपराध नियंत्रण हो, महिला सुरक्षा के मामले हों या फिर कानून व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती — उन्होंने हर मोर्चे पर सक्रियता और दृढ़ता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। उनके कार्यों की सराहना पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार की जा चुकी है और उन्हें पुलिस महानिदेशक स्तर से भी प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है। भैंसदेही क्षेत्र में आमजन के बीच उनकी छवि एक सख्त लेकिन संवेदनशील पुलिस अधिकारी की है। कई मामलों में त्वरित कार्रवाई कर उन्होंने पीड़ितों को न्याय दिलाने का कार्य किया है। यही कारण है कि आज उनका सम्मान सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे भैंसदेही क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।

सम्मान प्राप्त होने के बाद क्षेत्र के लोगों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने महिला उप निरीक्षक प्रीती पाटील को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों का कहना है कि ऐसे कर्मठ और ईमानदार अधिकारी पुलिस विभाग की वास्तविक पहचान हैं, जो अपनी मेहनत और समर्पण से जनता के बीच विश्वास कायम करते हैं।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]