(भैंसदेही/शंकर राय) कहते हैं बेटियां किसी घर की रौनक होती हैं, और जब वही बेटियां अपने माता-पिता के सपनों को साकार करती हैं तो वह रौनक पूरे शहर का गौरव बन जाती है। भैंसदेही शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं वर्तमान जनपद सदस्य ऋषभदास सावरकर तथा श्रीमती लता सावरकर की लाडली बेटी डॉली सावरकर ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न सिर्फ अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे भैंसदेही नगर को गर्व से भर दिया है।
—————————————————————————-

—————————————————————————-
जैसे ही परिवार को इस सफलता की जानकारी मिली, सावरकर परिवार के घर में मानो दीपावली आ गई। घर में मिठाइयाँ बँटने लगीं, आतिशबाजियाँ फूटने लगीं और रिश्तेदारों का बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। हर किसी के चेहरे पर गर्व और खुशी की चमक देखने लायक थी।
—————————————————————————-

—————————————————————————-
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने भी बिटिया डॉली को फोन कर इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
—————————————————————————-
डॉली ने बताया कि उन्होंने 2018 से नागपुर में CA बनने की तैयारी शुरू की थी। लगातार सात साल की मेहनत, संघर्ष और समर्पण ने आज उन्हें इस मुकाम पर पहुँचाया। डॉली ने भावुक होकर कहा मुझे CA बनना नहीं था, लेकिन पापा का सपना था कि उनकी बेटी CA बने। मैंने वही सपना अपना बना लिया… आज पापा के चेहरे की मुस्कान मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
—————————————————————————-

—————————————————————————-
डॉली की यह सफलता सिर्फ एक परीक्षा की जीत नहीं, बल्कि उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने की ठान लेती हैं। सच में, डॉली ने साबित कर दिया बेटियाँ बोझ नहीं, वो तो आशीर्वाद होती हैं, जो घर ही नहीं, पूरे शहर का नाम रोशन कर जाती हैं।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]