(भैंसदेही /शंकर राय)भैंसदेही नगर मंडल में भारतीय जनता पार्टी की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का गठन होते ही राजनीतिक हलकों में नई ऊर्जा और चर्चा का माहौल बन गया है। भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप घोरे के नेतृत्व में गठित इस कार्यकारिणी में युवाओं को प्रमुखता देकर संगठन ने साफ संदेश दिया है कि पार्टी आने वाले समय में युवा नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।

इस नई कार्यकारिणी में महामंत्री पद की जिम्मेदारी दिनेश कोसे को सौंपी गई है, जो संगठन के लिए लंबे समय से समर्पण भाव से कार्य करते आ रहे हैं। दिनेश कोसे मूल रूप से सिवनी गांव के निवासी हैं और किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर पार्टी संगठन में अपनी पहचान बनाना उनके लिए किसी करिश्मे से कम नहीं माना जा रहा।

दिनेश कोसे इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा में उपाध्यक्ष और महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता, ईमानदारी और जमीनी पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें नगर मंडल जैसे अहम स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दिनेश कोसे की कार्यशैली, युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा ही उन्हें इस मुकाम तक लेकर आई है।

यह भी माना जा रहा है कि संगठन ने सामाजिक और जातिगत समीकरणों को संतुलित करते हुए यह नियुक्ति की है, जिससे पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिले। दिनेश कोसे के साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की टीम जुड़ी हुई है, जो उनकी सरलता, सहज व्यवहार और समन्वय क्षमता से प्रभावित है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि महामंत्री के रूप में दिनेश कोसे संगठन की अपेक्षाओं पर कितना खरे उतरते हैं और भैंसदेही नगर मंडल को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं। भाजपा की यह नियुक्ति न केवल युवाओं को संदेश देती है, बल्कि आगामी राजनीतिक रणनीति का भी संकेत मानी जा रही है।



[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]