(भैंसदेही शंकर राय) जिला बैतूल के ग्राम सवालमेंढा में सामाजिक और धार्मिक एकता को मजबूती देने वाला साँझा रोटी कार्यक्रम उत्साह और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन इंडिया वोटर्स क्लब के जिला अध्यक्ष राकेश सिंह परते के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सभी समाज, जाति और धर्म के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन कर समरसता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना, जातिवाद और धर्मवाद की दीवारों को तोड़ना तथा समान हिस्सेदारी और सर्वांगीण विकास की सोच को आगे बढ़ाना रहा। मंच से वक्ताओं ने कहा कि देश में बढ़ती सामाजिक खाई को पाटने के लिए ऐसे आयोजनों की आज सबसे अधिक जरूरत है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए असलम जी ने कहा कि राहुल गांधी देश में मोहब्बत और एकता का जो प्रयास कर रहे हैं, उसे कई जगहों पर अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पा रहा है, लेकिन इंडिया वोटर्स क्लब इस विचार को साँझा रोटी जैसे अभियानों के जरिए गली-गांव तक पहुंचाएगा। “गरीब-अमीर, छोटे-बड़े, सभी एक ही पंक्ति में बैठकर रोटी खाएंगे—यही असली सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की बुनियाद है,” उन्होंने कहा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक धरमू सिंह सिरसाम सहित शिव ठाकुर, श्रवण सिंह ठाकुर, प्रमिला बारस्कार, पुष्पा पेंदाम, करनलाल चंदेलकर, प्रलाहद बामने, सुकेश अहके, भूषण साबले, राजेन्द्र महाले, सुखदेव घानेकर, गोरी दादा पटेल, सत्तार भाई, अस्फाक भाई, सलीम भाई, कादर भाई, राजेश खतकर, बिरजू उइके, अवधेश परते, विशाल परते, जानकसिंह परते, मुकेश उइके समेत बड़ी संख्या में इंडिया वोटर्स क्लब के साथी और समस्त जाति-धर्म के लोग मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम आगे भी जिले के अन्य गांवों में आयोजित किए जाएंगे, ताकि सामाजिक सौहार्द को मजबूत कर कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

सवालमेढा़ की धरती से उठी यह पहल न सिर्फ राजनीतिक चेतना का संदेश दे गई, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे की एक मिसाल भी कायम कर गई।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]