(भैंसदेही / शंकर राय) भैंसदेही नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय श्री सतीश धाड़से के निवास कौडीढाना में उस समय राजनीतिक और सामाजिक माहौल खास बन गया, जब महाराष्ट्र राज्य के अमरावती से सांसद खासदार बलवंत भाऊ वानखेड़े एवं अमरावती ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अनिरुद्ध बबलू देशमुख विवाह प्रीत्यर्थ पहुंचे। उन्होंने स्व. सतीश धाड़से के पुत्र सौरभ एवं शुभम को नवविवाहित जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

जैसे ही सांसद बलवंत वानखेड़े एवं कांग्रेस नेताओं का काफिला धाड़से निवास पहुंचा, वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जोरदार स्वागत किया। युवा कांग्रेस नेता राज धाड़से ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सांसद और जिलाध्यक्ष का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र युवा कांग्रेस नेता राज धाड़से की बढ़ती लोकप्रियता और स्वर्गीय सतीश धाड़से की एक राजनीतिक विरासत रही।

सांसद बलवंत वानखेड़े ने स्वर्गीय सतीश धाड़से को याद करते हुए कहा कि उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष रहते हुए जिस सरलता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना से कार्य किया, वह आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उन्होंने कहा कि स्व. धाड़से केवल कांग्रेस के नेता नहीं थे, बल्कि हर वर्ग के लोगों के सुख-दुख में खड़े रहने वाले जननेता थे। उनके व्यवहार, कार्यशैली और जनता से सीधे जुड़ाव की चर्चा आज भी पूरे क्षेत्र में सम्मान के साथ की जाती है।

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी इस बात को स्वीकार किया कि स्व. सतीश धाड़से की पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में रही, जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया। वहीं युवा कांग्रेस नेता राज धाड़से को लेकर भी नेताओं में खास उत्साह दिखाई दिया। स्थानीय स्तर पर युवाओं के बीच उनकी सक्रियता, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी और कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की भूमिका को लेकर नेताओं ने खुलकर सराहना की।
राज धाड़से ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके पिता स्व. सतीश धाड़से ने हमेशा जनता के लिए कार्य करने की सीख दी और उसी मार्ग पर चलते हुए वे क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं।

कार्यक्रम के दौरान पारिवारिक एवं राजनीतिक वातावरण एक साथ देखने को मिला, जहां नेताओं ने नवयुगल को शुभकामनाएं देने के साथ-साथ पुराने राजनीतिक संबंधों और जनसेवा के दिनों को भी याद किया। इस अवसर पर रविराज स्टोन क्रेशर के संचालक शिक्षक रवि धाड़से, डॉ. महाले, स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पंकज रानू ठाकुर, मोहित राठौर, महेश धोटेकर सहित कांग्रेस के कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सांसद के साथ महाराष्ट्र प्रांत से रोहित पटेल सभापति कृषि समिति धारणी, राहुल येवले जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस अमरावती, पियुष मालवीय, राजेश सुमेलकर, देविदास कोगे, राकेश झारखंडे, रानू ठाकुर, महेश थोटेकर, मोहित राठौर एवं रिषभदास सावरकर भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक बार फिर यह देखने को मिला कि स्वर्गीय सतीश धाड़से की राजनीतिक विरासत आज भी क्षेत्र में मजबूत पकड़ बनाए हुए है और युवा कांग्रेस नेता राज धाड़से उसी जनसंपर्क और लोकप्रियता को आगे बढ़ाते नजर आ रहे हैं।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]