भैंसदेही (शंकर राय) भैंसदेही थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने एक बार फिर अपनी कुशल कार्यशैली, तेज कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग का परिचय देते हुए हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा कुछ ही घंटों में कर दिया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस सफलता के बाद क्षेत्र में भैंसदेही पुलिस की कार्यप्रणाली की व्यापक सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम जुनापानी में बहू को मायके से वापस लाने पहुंचे परिवार पर हमला हो गया। बताया जा रहा है कि मरामझिरी निवासी प्रवीण मरकाम अपने परिवार के साथ बहू को लेने जुनापानी पहुंचे थे। प्रारंभ में माहौल सामान्य था, लेकिन मेहमाननवाजी के दौरान पानी पीने को लेकर हुई मामूली कहासुनी ने अचानक गंभीर रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और लात-घूंसों से जमकर मारपीट शुरू हो गई।

इस हिंसक झड़प में 25 वर्षीय आकाश मरकाम और उनके बड़े भाई विशाल मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आकाश मरकाम को मृत घोषित कर दिया। मृतक आकाश सोनाघाटी में मेडिकल स्टोर संचालित करता था, जबकि उसका बड़ा भाई विशाल मरकाम वन विभाग में कार्यरत है और गंभीर हालत में उपचाररत बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बहू के शादी के बाद मायके जाने और वापस नहीं लौटने को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश सातनकर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की। उनकी सूझबूझ और सक्रिय नेतृत्व के चलते पुलिस ने कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस द्वारा मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने बताया कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे प्रकरण के त्वरित खुलासे में भैंसदेही पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।


[responsivevoice_button voice="Hindi Female" buttontext="यह खबर हिंदी आडिओ में सुने "]